उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में शनिवार को उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक हरीश धामी को मंच से संबोधित करने का अवसर नहीं मिला. विकास योजनाओं की सौगात और मेले के भव्य शुभारंभ के बीच शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते मंच पर तीखी नोकझोंक और अव्यवस्था में बदल गया.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 102.72 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं की सौगात दिए जाने की घोषणा की. भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित होने वाला जौलजीबी मेला अपनी ऐतिहासिक व्यापारिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए जाना जाता है. इस बार छह साल बाद मेले में तिब्बती सामान की दुकानें भी लगने की उम्मीद ने आयोजन को लेकर उत्साह बढ़ाया था.
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक हरीश धामी को मंच से अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिलने पर विवाद शुरू हो गया. विधायक मंच पर पहुंचे और संबोधित करने लगे. लेकिन इसी बीच उनका माइक बंद कर दिया गया. इससे विधायक नाराज हो गए और मंच पर ही अधिकारियों के साथ उनकी तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर हंगामे की स्थिति बन गई.
हरीश धामी ने इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि, यह पहली बार हो रहा है कि किसी क्षेत्र के स्थानीय विधायक को अपने ही विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बोलने का अवसर नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि, स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को सामने रखना उनका अधिकार है. विधायक ने पूर्व में की गई घोषणाओं के पूरा नहीं होने का मुद्दा भी उठाया. उनका कहना था कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से विकास कार्यों और पुरानी घोषणाओं के धरातल पर उतरने की प्रतीक्षा कर रही है. लेकिन इन विषयों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने यह भी नाराजगी जताई कि उनकी बात सुने बिना ही सीएम चले गए.
विधायक की नाराजगी के बाद मंच पर काफी देर तक गहमागहमी रही, तोड़फोड़ हुई. इस दौरान अधिकारियों के साथ तीखी बहस और गाली-गलौज होने लगी. मेले में मौजूद लोगों के बीच भी अव्यवस्था और हंगामे की स्थिति बनी रही.