देहरादून के नामी स्कूल में टीचर पर बैड टच के गंभीर आरोप, 15 छात्राओं ने दी शिकायत, परिजनों का हंगामा – Kachchichithi

देहरादून के नामी स्कूल में टीचर पर बैड टच के गंभीर आरोप, 15 छात्राओं ने दी शिकायत, परिजनों का हंगामा

राजधानी देहरादून में एक प्राइवेट स्कूल की छात्राओं ने अपने फिजिक्स शिक्षक पर उनको अनुचित तरीके से छूने के आरोप लगाए हैं. छात्रा और उसकी मां ने इस मामले की लिखित शिकायत स्कूल प्रबंधन से भी की थी. स्कूल प्रबंधन ने छात्रा और उसकी मां को आरोपी शिक्षक के खिलाफ एक्शन लेने का भरोसा दिया था. आरोप है कि बाद में छात्रा को डराकर मामला दबाने का दबाव डाला गया. वहीं, हंगामे की सूचना पर पुलिस की टीम भी स्कूल पहुंची. मामले में स्कूल प्रबंधन के बयान भी लिए जाएंगे.

दरअसल, छात्रा और उसकी मां का आरोप है कि प्रबंधन उनको स्कूल से बाहर नहीं जाने दे रहा है. मां-बेटी स्कूल से बाहर न जा सकें, इसके लिए गेट पर ताला भी लगा दिया गया है. पीड़ित छात्रा के आरोपों के अनुसार फिजिक्स शिक्षक लंबे समय से उनके क्लास की अन्य लड़कियों को भी गलत नीयत से छू रहे थे.

छात्रा ने यह बात पहले अपनी मां को बताई, जिसके बाद मां स्कूल पहुंची और प्रिंसिपल कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई. परिवार का दावा है कि शिकायत में कुल 15 छात्राओं के हस्ताक्षर थे. छात्रा की मां के मुताबिक स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को नौकरी से हटाने और बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया था.

छात्रा का आरोप है कि, हालांकि इसके बाद अगले दिन चौथे पीरियड में उसे प्रिंसिपल ऑफिस बुलाया गया. जहां डायरेक्टर, प्रिंसिपल और एक महिला शिक्षिका मौजूद थीं. वहां डायरेक्टर ने उससे अभद्र ढंग से बात की, उसे झूठा बताया और यह कहा कि वह एक बुजुर्ग शिक्षक पर गलत आरोप लगा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *