वसंत विहार थाना क्षेत्र में दो रईसजादों की मस्ती के चक्कर में एक सिक्योरिटी गार्ड की जान चली गई. बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो के बीच रेस लगी थी. इसी बीच फॉर्च्यूनर ने साइकिल सवार गार्ड को टक्कर मार दी. जिससे वो सड़क पर गिर गए. तभी पीछे से आ रही स्कॉर्पियो उन्हें कुचलते हुए निकल गई. वहीं, मृतक गार्ड के साले की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ थाना वसंत विहार में मुकदमा लिखने की तैयारी चल रही है.
पुलिस के मुताबिक, देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मीठीबेरी निवासी 55 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड विनोद मल्ल पिछले करीब तीन साल से एलायंस सिक्योरिटी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत थे. बताया जा रहा है कि बुधवार यानी 11 नवंबर की रात करीब 11 बजे के आसपास वो रोजाना की तरह थाना वसंत विहार क्षेत्र के अंतर्गत एफआरआई पास के नाइट शिफ्ट में साइकिल से गश्त कर रहे थे.
बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई फॉर्च्यूनर ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वो सड़क पर गिर गए. इसी बीच पीछे से आ रही स्कॉर्पियो कार उनके ऊपर चढ़ गई. जिससे विनोद मल्ल की मौके पर ही जान चली गई. स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना वसंत विहार पुलिस मौके पर पहुंची और मौके जांच पड़ताल की.
वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भिजवाया. आज यानी 12 नवंबर को पोस्टमार्टम की कार्रवाई करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. जबकि, मामले को लेकर विनोद मल्ल के साले ने थाना वसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई है. जिस पर अब अज्ञात कार चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है.
विनोद मल्ल अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं. इस घटना के बाद परिवार में शोक और मातम पसरा हुआ. आपस में रेस लगा रही गाड़ियों के कारण एक परिवार ने अपना सदस्य खोया है. वहीं, इस घटना के बाद लोगों ने बिगडैल कार चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही पुलिस से रात को गश्त बढ़ाकर ऐसे लोगों पर लगाम लगाने को कहा है.