उत्तराखंड के देहरादून जिले से बड़ी खबर सामने आई है. देहरादून जिले के विकासनगर में बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया और फिर लूटपाट की. इस दौरान बदमाशों ने घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की. फिलहाल पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक विकासनगर के बरोटीवाला में जमनीपुर रोड पर ग्रेट वैल्यू स्कूल है. उसी के परिसर में मौजूद एक घर में गोपाल सिंह राठौर और उनकी पत्नी नीलम राठौर अपने बेटे के साथ रहते है. बताया जा रहा है कि उसी घर में तड़के तीन से चार बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने हमला बोला.
नीलम राठौर ने बताया कि 3.15 बजे के करीब उनके घर में दो लोग आए थे, जिन्होंने मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था. नीलम राठौर का कहना है कि जब वो कमरे में अंदर आए तो उन्हें किसी के आने का एहसास हुआ. नीलम राठौर के अनुसार जब उन लोगों से पूछा गया कि वो कौन है, तो बदमाशों ने उसे और उसके पति गोपाल सिंह राठौर को मारना शुरू कर दिया. जब उन्होंने हाथ जोड़कर उनसे पूछा कि क्या बात हो गई तो उन्होंने प्रिंसिपल के बारे में जानकारी ली.
नीलम राठौर ने बदमाशों को बताया कि प्रिंसिपल विकास नगर में रहते हैं. इसके बाद बदमाशों ने नीलम राठौर के बारे में जानकारी ली तो नीलम में बताया कि वो यहां स्कूल की देखभाल के लिए रहते हैं. इस पर बदमाशों ने नीलम राठौर से कहा कि उन्हें प्रिंसिपल को मारने की सुपारी मिली है, अगर तुमने मुंह खोला या चिल्लाए तो तुम्हें भी मारेंगे. यदि चुप रहोगे तो तुम्हे कोई कुछ नहीं कहेगा.