हल्द्वानी में दो मदरसे सील, सहसपुर में 13 मकान जमीदोंज, माफिया से जुड़ा कनेक्शन

सहसपुर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन ने अपराधियों एवं नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है. शनिवार को पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल के साथ ग्राम खुशहालपुर और जस्सोवाला में अभियान चलाकर सरकारी भूमि पर बने 13 अवैध मकानों को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. इस कार्रवाई से क्षेत्र के आपराधिक तत्वों और ड्रग्स माफियाओं में हड़कंप मच गया है.

ध्वस्त की गई संपत्तियों में से 10 संपत्तियां ऐसे कुख्यात अपराधियों की थीं, जो लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी (ड्रग्स स्गलिंग), गोकशी, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसी अवैध गतिविधियों में लिप्त थे. ये सभी आरोपी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण करवा चुके थे. इन आरोपियों के खिलाफ पुलिस पूर्व में भी गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई कर चुकी है.

प्रशासन ने खुशहालपुर निवासी आमिर (21 आपराधिक मामले), सलमान (21 आपराधिक मामले), फैजान (19 आपराधिक मामले), मोहसीन (15 आपराधिक मामले), मेहराज (8 आपराधिक मामले), दिलशाद उर्फ मिर्ची (8 आपराधिक मामले) और कौसर (2 आपराधिक मामले) के अवैध कब्जों को ध्वस्त किया. पुलिस ने बताया कि सहसपुर क्षेत्र के खुशलहालपुर और जस्सोवाला में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए सरकारी भूमि पर बने 13 व्यक्तियों के अवैध भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई है.

हल्द्वानी में अवैध रूप से संचालित मदरसों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई जारी है. प्रशासन की टीम ने बनभूलपुरा क्षेत्र के इंदिरा नगर और गौजाजाली में संचालित दो मदरसों को सील कर दिया. सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम द्वारा कार्रवाई की गई है. दोनों मदरसे बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित किए जा रहे थे. इससे पहले भी हल्द्वानी क्षेत्र में दो मदरसे सील किए जा चुके हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *