कुंभ मेले की सुरक्षा के मद्देनजर हरिद्वार के रोशनाबाद क्षेत्र में सत्यापन करने पहुंची विशेष शाखा की पुलिस टीम के साथ विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि कोर्ट चौक के पास सत्यापन कराने को कहने पर एक महिला ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी. इसके बाद महिला ने अपने साथियों को बुला लिया. आरोप है कि तीन नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति ने सरकारी गोपनीय दस्तावेज छीनकर छिन्न-भिन्न कर दिए. मामले में सिडकुल थाने में केस दर्ज किया गया है. जिसके बाद पुलिस मामले की गंभीरता से पड़ताल में जुट गई है.
विशेष शाखा अभिसूचना विभाग की रोशनाबाद इकाई में तैनात आरक्षी मनोज सैनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 27 अगस्त को वह आरक्षी मोहम्मद जीशान के साथ कुंभ मेले की सुरक्षा एवं संवेदनशीलता के दृष्टिगत सत्यापन ड्यूटी पर थे. दोपहर करीब 12:15 बजे दोनों पुलिसकर्मी कोर्ट चौक रोशनाबाद के पास ठेली-रेहड़ी वालों का सत्यापन कर रहे थे. इसी दौरान अंजली पत्नी शिवम मिश्रा, निवासी लखीमपुर खीरी, हाल निवासी रोशनाबाद से सत्यापन कराने के लिए कहा गया. आरोप लगाया कि सत्यापन की बात पर अंजली आगबबूला हो गई और दोनों पुलिसकर्मियों से गाली गलौज करने लगी.
आरोप है कि समझाने का प्रयास करने पर उसने आरक्षी मनोज सैनी के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी. इसी दौरान पीछे हटते समय सिपाही का पैर फिसल गया और वह जमीन पर गिर गया. आरोप है कि इसके बाद महिला ने अपने साथी सूरज कुमार निवासी बिहार, समीर निवासी बिजनौर और एक अज्ञात व्यक्ति को मौके पर बुला लिया. तहरीर के मुताबिक, चारों ने सिपाही के साथ थप्पड़, मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की.