देहरादून जिले के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है. कल्याणपुर इलाके में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई थी, जब एक घर से गोली चलने की आवाज आई. इसके बाद लोगों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे के नजारा ही कुछ और था. कमरे में जहां एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई थी, तो वहीं महिला गंभीर रूप से घायल थी. घायल महिला को पुलिस ने तुरंत हॉस्पिटल भिजवाया.
घायल महिला को हॉस्पिटल भिजवाने के बाद पुलिस ने फारेसिंक टीम को भी मौके पर बुलवाया और साक्ष्य एकत्र किए. फिलहाल पुलिस तमाम एंगल से मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि गोली चलने के कारणों और दोनों के संबंधों व घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा जांच और फारेसिंक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
इस मामले पर ज्यादा जानकारी देते हुए विकासनगर सीओ विवेक कुटियाल ने बताया कि 22 जुलाई सुबह को विकासनगर के कल्याणपुर इलाके में एक घर से गोली चलने की आवाज आई थी. इसकी सूचना पुलिस को करीब 10:15 बजे मिली. सूचनाएं मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची.
मौके पर पहुंचकर पता चला कि गोली घर से अंदर से चली थी और घर अंदर से बंद था. पुलिस ने घर में अंदर जाने के लिए खिड़की की जाली को तोड़ा. जब पुलिस घर के अंदर पहुंची तो देखा कि एक महिला और एक पुरूष दोनों लहुलुहान स्थिति में है. महिला की सांसें चल रही थी, जबकि पुरुष की मौत हो चुकी थी. घायल महिला को यहां से सरकारी अस्पताल ले जाया गया. वहां से हायर सेंटर को रेफर किया गया है.
वहीं पुलिस के अनुसार जिस व्यक्ति की मौत हुई है, उसको गोली लगी हुई थी, जो मौके पर मृत अवस्था में था. महिला के परिजनों को सूचित कर दिया है. मृतक व्यक्ति के बारे में अभी जांच चल रही है. मौके से पुलिस को एक तमंचा भी बरामद हुआ है. महिला इस घर में किराए पर रहती थी, जिसके पति को पुलिस ने घटना की सूचना दे दी है. जिस व्यक्ति की मौत हुई है, उसके बारे में अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है.