हरिद्वार जिले के रुड़की में एक चलती कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. बताया गया है कि कार में सवार लोगों ने समय रहते अपनी जान बचा ली और जनहानि होने से बच गई. सूचना पर पहुंची दमकल कर्मियों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके बाद राहत की सांस ली गई. लेकिन इस घटना में कार पूरी तरह से जलकर राख हो गई.
जानकारी के मुताबिक, रुड़की की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के नगला इमरती गांव के पास दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर स्थित हवेली होटल के पास एक कार में अचानक आग लग गई. कार में आग लगने से आसपास क्षेत्र में हड़कंप मच गया. साथ ही हाईवे से गुजर रहे राहगीरों में भी अफरा-तफरी का माहौल हो गया. मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
कार में आग लगते ही कार में सवार लोगों ने फुर्ती दिखाई और उन्होंने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. इसी बीच किसी शख्स द्वारा आग लगने की जानकारी दमकल विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही तत्काल बिना देरी किए फायर यूनिट रुड़की घटना स्थल पर पहुंची, जहां पर टीम ने देखा कि सड़क किनारे एक कार में भयंकर आग लगी थी. जिसके बाद दमकल कर्मियों की टीम ने तत्काल हाई प्रेशर पंप से एक होजरील फैलाकर पंपिंग कर आग को बुझाना शुरू किया.
हालांकि आग बहुत तेजी से जल रही थी और आग की लपटें आसमान छू रही थी, बावजूद इसके दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. इसी के साथ फायर यूनिट द्वारा आग पर फोम का प्रयोग कर कार के सीएनजी टैंक और पेट्रोल टैंक को भी फटने से बचा लिया गया. लेकिन आग लगने से कार पूरी तरह से जलकर राख हो गई.
गनीमत रही इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है. वहीं, घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा फायर सर्विस की इस तत्काल कार्रवाई को देखते हुए टीम की प्रशंसा की. बताया गया है कि घटना में क्षतिग्रस्त हुई कार में चार लोग सवार थे जो दिल्ली से पिरान कलियर जा रहे थे.