पिथौरागढ़ धारचूला में विशालकाय चट्टान टूटी, बंद हुई सोबला-ढाकर रोड

सीमांत पिथौरागढ़ में चीन सीमा को जोड़ने वाली बीआरओ की धारचूला में सोबला-ढाकर सड़क पंगबावे नामक स्थान पर चट्टान टूटने से बंद हो गई है. मंगलवार को अचानक पहाड़ी दरकने से भारी बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गया. गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई. बीआरओ ने जेसीबी मशीन से सड़क खोलने का काम शुरू कर दिया है.

बुधवार तक सड़क खुलने की उम्मीद जताई है. ग्रामीणों के बताया की पंगबावे में अचानक पहाड़ी दरक गई. देखते ही देखते भारी बोल्डर और मलबा सोबला-ढाकर सड़क पर आ गिरा. जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई. बारिश के कारण पहले से ही पंगबावे में दो जगह सड़क बंद थी. ताजा भूस्खलन के बाद अब यहां तीन जगहों पर भारी बोल्डर और मलबा जमा है.

सूचना मिलने पर बीआरओ के अधिकारी और मजदूर मौके पर पहुंचे. सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय वाहन स्वामियों से आवाजाही न करने की अपील की गई है. मौके पर पहुंचे बीआरओ के अधिकारियों ने तुरंत जेसीबी मशीन लगाकर सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि विशालकाय चट्टान टूटी है, अगर मौसम साफ रहा तो बुधवार तक सड़क खोल दी जाएगी.

बता दें सोबला-ढाकर सड़क चीन सीमा तक जाती है. यह सामरिक दृष्टि से बेहद अहम है. बार-बार हो रहे भूस्खलन से सीमांत का संपर्क कट रहा है. ऐसे में सुरक्षा एजेंसीज के जवानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. मार्ग बंद होने से क्षेत्र में कई वाहन फंस चुके हैं. पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जिले भर 17 सडकें बंद चल रही हैं. जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी पिथौरागढ़ भूपेंद्र महर ने बताया जिले भर वर्तमान में तक 17 सडकें बंद हैं. जिन्हें खोलने का काम चल रहा है. शीघ्र सभी सड़कों को खोल दिया जायेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *