उधम सिंह नगर में दर्दनाक हादसे, स्केटिंग कोच समेत दो लोगों की मौत, पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी

उधम सिंह नगर और रामपुर जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. एक हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से 18 वर्षों से एक निजी कंपनी में कार्यरत कर्मचारी की जान चली गई, जबकि दूसरे हादसे में काशीपुर जा रहे एक स्केटिंग कोच की बाइक खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई. दोनों मामलों में पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसों की जांच शुरू कर दी है.

रुद्रपुर और बिलासपुर में को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. एक ओर अज्ञात वाहन की टक्कर से 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराने के कारण एक स्केटिंग कोच ने दम तोड़ दिया. दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

पहला हादसा रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र के पास हुआ. जानकारी के अनुसार पिपली, बिलासपुर निवासी छत्रपाल सिंह (46) पुत्र छोटेलाल सिंह पिछले 18 वर्षों से द ग्रीन पैनल कंपनी में कार्यरत थे. 10 जून की शाम करीब सात बजे वह अपनी स्विफ्ट कार कंपनी में छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान बिलासपुर के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल छत्रपाल सिंह को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी, जिसके कारण टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी और उसका नंबर भी कोई नोट नहीं कर पाया.

मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बेटों को छोड़ गए हैं. उनके सबसे बड़े बेटे अंकित की उम्र 19 वर्ष बताई गई है. परिवार की जिम्मेदारी अब पूरी तरह उनके कंधों पर आ गई है. घटना के बाद गांव और परिवार में शोक की लहर है.

वहीं दूसरा हादसा 11 जून की सुबह करीब तीन बजे रुद्रपुर-काशीपुर मार्ग पर फ्लाईओवर के नीचे तेल मिल के पास हुआ. रामपुरम, काशीपुर निवासी पृथ्वी पुत्र राजेंद्र चौधरी बाइक से रुद्रपुर से काशीपुर लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई.

टक्कर इतनी भीषण थी कि पृथ्वी गंभीर रूप से घायल हो गए. राहगीरों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि पृथ्वी एक स्केटिंग कोच थे और रुद्रपुर में बच्चों को स्केटिंग का प्रशिक्षण देने के लिए नियमित रूप से आते-जाते थे. वह दो भाइयों में बड़े थे. उनकी असमय मृत्यु से परिवार समेत खेल जगत में भी शोक व्याप्त है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *