3000 हजार किमी दूर ड्यूटी पर फौजी, इधर चोरों ने घर से उड़ाया 28 लाख का माल

हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में बीती रविवार रात चोरों ने फौजी के घर पर धावा बोलकर करीब 28 लाख रुपए की चोरी कर ली. बताया जा रहा है कि बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर करीब 28 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 90 हजार रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए. घर के लोगों को जब चोरी का पता चला तो उनके होश उड़ गए.

पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गया माल बरामद करने की मांग की है. जानकारी के अनुसार मुंडाखेड़ा कला निवासी नवीन फौज में सेवारत हैं और वर्तमान में केरल में ड्यूटी पर हैं. घर पर उनके पिता प्रेम सिंह रहते हैं. सारा माल लुटा हुआ देख फौजी के पिता की रुलाई छूट गई.

बताया गया कि 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे प्रेम सिंह सो गए थे. रात करीब डेढ़ बजे उनकी आंख खुली तो कमरों की लाइट जलती मिली. अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सामान कमरे में बिखरा पड़ा था. अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे 28 लाख के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 90 हजार रुपये की नकदी गायब मिली. चोरी का पता चलते ही प्रेम सिंह के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचा दिया.

शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे. परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. 112 की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई.

प्रेम सिंह ने लक्सर कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है. वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरी की वारदात में कितने लोग शामिल थे और बदमाश किस रास्ते से फरार हुए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *