ऋषिकेश में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म, दर्ज हुआ केस, जांच में जुटी पुलिस

तीर्थनगरी ऋषिकेश में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर ऋषिकेश पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

ऋषिकेश वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी ने बताया प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़िता और आरोपी के बीच संपर्क सोशल मीडिया ऐप Snapchat के माध्यम से हुआ था. आरोपी बाहरी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून से फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है.

वहीं, पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति सामान्य है और वह बातचीत कर पा रही है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है. पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *