अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए रानीखेत आए मेरठ के युवक की हत्या, दो महिलाएं गंभीर घायल

रानीखेत तहसील के ऐना गांव में 10 जून की रात एक अज्ञात व्य​क्ति ने घर में घुसकर एक युवक की हत्या कर दी. दो महिलाओं को घायल कर दिया. इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. बताया जा रहा है कि मेरठ का युवक सेना भर्ती के लिए यहां आया था.

जानकारी के मुताबिक, रानीखेत तहसील के कुंवाली क्षेत्र के ऐना गांव निवासी जानकी देवी के घर में एक अज्ञात युवक ने उनके भतीजे सागर की हत्या कर दी. इस दौरान चीखपुकार मचने पर जानकी देवी और उनकी चचिया सास सबुली देवी बीच-बचाव को पहुंचीं. लेकिन हमलावर ने उन पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में जानकी देवी के सिर और सबुली देवी के गले पर गंभीर चोटें लगी हैं. घटना के बाद दोनों घायलों को उप जिला चिकित्सालय रानीखेत में भर्ती कराया गया है. जहां से चिकित्सकों ने गंभीर घायल साबुली देवी को हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया.

बताया जा रहा है घर में घुस कर हत्या करने वाला आरोपी गांव का ही कोई नजदीकी है. इस वारदात में सागर की मौके पर ही मौत हो गई. मेरठ निवासी सागर कुछ दिन पहले अपनी बुआ ऐना निवासी जानकी देवी के घर आया था. वह अग्निवीर भर्ती की दौड़ की तैयारी के उद्देश्य से रानीखेत पहुंचा था.

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ऐना गांव में सागर सिंह हत्याकांड मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है. इस दौरान परिजनों की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में पुरानी रंजिश इसका कारण बताया गया है.

जानकी देवी का छोटा बेटा कृष्णा बीती 6 जुलाई को कथित गुलदार के हमले में घायल बबीता की तीमारदारी में हल्द्वानी स्थित निजी चिकित्सालय में था. घर पर ममेरे भाई की हत्या का पता लगने पर वह भी रानीखेत पहुंचा है. अब शक जताया जा रहा है कि पूर्व में गुलदार के हमले में घायल बबीता भी कहीं इसी तरह के किसी हमले से घायल तो नहीं हुई थी. फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *