उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक बेहद ही दिल दहला देने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है. यहां एक 13 साल की मासूम नाबालिग बच्ची के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी गईं. वाटर पार्क जाने के बहाने नाबालिग को एक होटल ले जाया गया, जहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया गया.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले पर जानकारी देते हुए एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगीने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित की हैं. आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाली एक महिला ने कोतवाली रुद्रपुर में अपनी नाबालिग पुत्री के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के संबंध में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक घटना 6 जुलाई की दोपहर की है. पीड़िता की मां ने बताया उसकी 13 वर्षीय बेटी अपने मोहल्ले की एक सहेली के साथ वाटर पार्क जाने के लिए निकली थी. दोनों लड़कियां मेडिसिटी हॉस्पिटल के पास खड़ी होकर ऑटो का इंतजार कर रही थीं. इसी दौरान वहां एक युवक बाइक से पहुंचा, जो कि एक मॉल में काम करता है.
पीड़िता की सहेली युवक को पहले से जानती थी. उसने उसे अपना मुंहबोला भाई बताया. युवक के साथ उसका कथित चाचा भी मौजूद था. युवक ने पीड़िता की सहेली से कहा कि वह पीछे-पीछे आए. उसने 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को अपनी बाइक पर बैठा लिया.
आरोप है कि युवक और उसका साथी नाबालिग को सीधे लालपुर स्थित टोल प्लाजा के पास बने एक होटल में ले गए. वहां आरोपियों ने नाबालिग को कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. जिससे वह बेहोश हो गई. इसके बाद युवक और उसके साथी ने बारी-बारी से नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया. दरिंदगी यहीं नहीं रुकी. आरोपियों ने बाद में 2 से 3 अन्य युवकों को भी होटल में बुलाया. उन अज्ञात युवकों ने भी बेहोशी और लाचारी की हालत में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया.
आरोपियों ने पीड़िता को पूरी रात बंधक बनाकर अपने पास रखा. सुबह होटल के बाहर छोड़ा. पीड़िता ने रोते हुए मदद मांगी. अगले दिन यानी 7 जुलाई की सुबह करीब 11:00 बजे आरोपी पीड़िता को होटल के बाहर बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए. पीड़िता सड़क पर रोती-चिल्लाती हुई मदद की गुहार लगा रही. इसी बीच उसने एक स्थानीय दुकानदार से फोन मांगकर अपनी मां को आपबीती सुनाई. सूचना मिलते ही बदहवास मां मौके पर पहुंची. तुरंत 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी.