आखिरकार अपनी कलेजे के टुकड़ों को मौत के घाट उतारने वाली कलयुगी मां को पुलिस ने दबोच लिया है. इस कलयुगी मां ने अपनी ही दो जुड़वा बच्चियों को गला दबाकर मार दिया था. मासूम बच्चियों का कसूर बस इतना था कि वो रोती थीं. जिससे परेशान होकर उसने दोनों का गला दबा दिया. अपनी बेटियों की हत्या करते वक्त उसका जरा सा भी हाथ नहीं कांपा.
हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि गुरुवार यानी 6 मार्च महेश सकलानी ने ज्वालापुर कोतवाली में अपने जुड़वा बच्चियों की हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दी थी. जिस पर मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डोबाल ने एसपी सिटी से वार्ता की और ज्वालापुर सीओ को हर पहलू पर जांच कर घटना का अनावरण करने के निर्देश दिए.
इसके बाद ज्वालापुर सर्किल पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. बच्चियों के घर के आसपास, पड़ोसियों, जान पहचान वाले लोगों और रिश्तेदारों से पुलिस ने गंभीरता से पूछताछ की. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले. जांच में सुबह के समय बच्चियों की मां के दूध लेने जाने और घर वापस आने तक किसी भी व्यक्ति का घर में आना-जाना नहीं पाया गया.