> हरिद्वार नीलेश्वर महादेव मंदिर में घुसा हाथियों का झुंड, जमकर मचाया उत्पात – Kachchichithi

हरिद्वार नीलेश्वर महादेव मंदिर में घुसा हाथियों का झुंड, जमकर मचाया उत्पात

श्यामपुर क्षेत्र में बीती रात जंगली हाथियों का झुंड आबादी में घुस आया और कई जगहों पर हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया. जंगल की ऊंची पहाड़ी पर स्थित नीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में हाथियों का झुंड घुस गया. इस दौरान एक हाथी मंदिर के अंदर पहुंच गया. हाथी ने वहां जमकर उत्पात मचाया.

हाथियों की चिंघाड़ और तोड़फोड़ की आवाज से मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया. घटना के समय मंदिर के पुजारी और कर्मचारी भवन के अंदर सो रहे थे. अचानक हाथियों की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई. किसी तरह बाहर निकलकर उन्होंने अपनी जान बचाई. हाथियों के मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोगों ने उन्हें भगाने का प्रयास किया.

मंदिर के कर्मचारियों और पुजारी ने सूझबूझ दिखाते हुए घंटे घड़ियाल बजाने शुरू कर दिए. आवाज सुनकर हाथियों को भगाने की कोशिश की गई. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद हाथी को मंदिर परिसर से जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया गया. घटना के दौरान मंदिर में मौजूद लोगों में दहशत बनी रही. सोशल मीडिया पर मंदिर में घुसे हाथी की चहल कदमी का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा हैबताया जा रहा है कि यह हाथियों का नया झुंड है जो सक्रिय होकर आबादी में घुस रहा है. नीलेश्वर महादेव मंदिर में घुसने से पहले झुंड में शामिल हाथी, श्यामपुर के आबादी क्षेत्र में भी दिखाई दिए. रातभर वनकर्मियों की टीम उनके पीछे पीछे दौड़ती रही. आबादी में हाथियों के घुसने की सूचना मिलते ही वन विभाग को इसकी जानकारी दी गई. सूचना पर श्यामपुर रेंज की टीम मौके पर पहुंची. जिसके बाद हाथियों को आबादी से दूर जंगल की ओर भगाने के प्रयास किए. वन विभाग की टीम ने स्थिति पर नजर रखी.

श्यामपुर रेंज अधिकारी विवेक जोशी ने बताया क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर वन विभाग की टीम नजर रख रही है. हाथियों की आबादी की ओर आवाजाही को देखते हुए कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि हाथियों के दिखाई देने पर उनके पास जाने, उन्हें घेरने या भगाने के लिए खुद जोखिम उठाने से बचें. हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें. इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *