दिनेश आर्य होंगे BJP उत्तराखंड के राज्यसभा के लिए उम्मीदवार

चौंकाने वाले फैसले लेने के लिए जाने जाने वाली भारतीय जनता पार्टी ने एक बार से फिर से चौंका दिया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तराखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए विश्लेषकों के अनुमानों को दरकिनार करते हुए दलित कार्ड खेलते हुए दायित्वधारी दलित नेता दिनेश आर्य को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है।

पार्टी केंद्रीय कार्यालय की ओर से 4 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उनके नाम की स्वीकृति की जानकारी दी गई। दिनेश आर्य हल्द्वानी से ताल्लुक रखते हैं। मौजूदा समय में राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष भी हैं। आर्य नैनीताल भाजपा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

बता दें कि भाजपा के मौजूदा राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म हो रहा है, इसी वजह से राज्यसभा की एक सीट खाली हुई है। जिसकी वजह से राज्य की इस एकमात्र सीट पर द्विवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई है। हालाँकि राज्यसभा चुनाव की रेस में कई दिग्गज नेताओं के नाम चर्चा में थे, लेकिन भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने कुमाऊं मंडल के समर्पित पार्टी नेता दिनेश आर्य पर भरोसा जताया है।

उत्तराखंड विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के स्पष्ट और मजबूत बहुमत को देखते हुए, केंद्रीय चुनाव समिति की मुहर के बाद दिनेश आर्य का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय नेतृत्व ने पश्चिम बंगाल में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए रुक्मिणी मल्लिक (कोयल मल्लिक) को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *