देहरादून में म्यूल अकाउंट से धोखाधड़ी, साइबर ठगों ने 6 बैंकों के एटीएम से निकाले लाखों रुपए

इसी महीने की शुरुआत में एसटीएफ ने साइबर अपराधियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ सात दिवसीय ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ चलाया था. इस दौरान ठगी की रकम निकालने वालों से लेकर साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों, सिम, एटीएम, चेक और डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने वालों पर कार्रवाई की गई थी. अभियान के दौरान 15 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था. 247 संदिग्धों को कानूनी नोटिस जारी किए गए थे. इसके बावजूद फ्रॉड के मामले थम नहीं रहे हैं. ताजा मामला देहरादून का है.

देहरादून के कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में अलग-अलग बैंकों के एटीएम से 5.61 लाख रुपए से ज्यादा की अवैध निकासी का मामला सामने आया है. साइबर सेल की जांच में करनपुर, ईसी रोड, राजपुर रोड, दर्शन लाल चौक, सर्कुलर रोड और 5th क्रॉस रोड स्थित एटीएम से रकम निकाले जाने की जानकारी मिली है. मामले में करनपुर चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ BNS की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

साइबर सेल की पड़ताल में सामने आया कि आरोपियों ने किसी एक एटीएम को निशाना नहीं बनाया. उन्होंने अलग-अलग इलाकों में लगे अलग-अलग बैंकों के एटीएम से कई किस्तों में रकम निकाली. जांच में SBI, यूको बैंक, केनरा बैंक, साउथ इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम सामने आए हैं. इन सभी एटीएम से कुल 5,61,256.53 रुपए की निकाली बताई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *