तेज रफ्तार बनी काल! सड़क हादसे में बुझ गए दो घरों के चिराग, हल्द्वानी का मामला

नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी से बड़ी खबर सामने आई है. हल्द्वानी के टांडा रोड पर शुक्रवार 18 सितंबर सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक एस बैंड के पास बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. इसी हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई.

फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार घटना 18 सितंबर सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है. एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद ही पुलिस को सड़क हादसे की जानकारी मिली थी. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो बाइक सवार युवक अचेत अवस्था में पड़े हुए थे. पुलिस तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों युवक को हॉस्पिटल लेकर गई, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी. डॉक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने बताया कि जब उनकी टीम मौके पर पहुंची तो बाइक सवार दोनों युवकों के सिर और मुंह से खून निकल रहा था. मृतकों की पहचान 25 वर्षीय चेतन चौहान और 24 वर्षीय वैभव छाबरा के रूप में हुई है. दोनों रुद्रपुर के फुलसुंगी क्षेत्र के रहने वाले थे.

पुलिस ने दोनों युवकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी. हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी हॉस्पिटल पहुंचे. इस घटना के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है. वहीं पुलिस टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए.

हादसे के कारणों की जा रही जांच: पुलिस प्रथम दृष्टया बाइक की तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना रही है. आशंका है कि तेज गति के कारण बाइक बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई. हालांकि हादसे की वास्तविक वजह सामने लाने के लिए पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.फिलहाल दोनों शवों को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *