देवप्रयाग में ऋषिकेश बदरीनाथ हाईवे पर यात्रियों से भरी टेम्पो ट्रैवलर पर पलटी

टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीनधारा के पास यात्रियों से भरी एक टेम्पो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद लोगों ने वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल भी मौके पर पहुंच गया।

राहत टीम और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। गनीमत रही कि किसी भी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

दुर्घटना के कारण ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर पलटे वाहन के चलते दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीम ने वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *