शाम 5 बजे बाद मसूरी माल रोड पर वाहनों की एंट्री बैन, 20 कर्मचारियों की हुई तैनाती

पर्यटन सीजन शुरू होते ही मसूरी नगर पालिका प्रशासन माल रोड की यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है. नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने शनिवार को माल रोड बैरियर पर विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिबंधित समय में किसी भी स्थिति में वाहनों को माल रोड पर प्रवेश न दिया जाये.

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा शाम पांच बजे के बाद माल रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. हालांकि स्थानीय निवासियों को शाम छह बजे तक सीमित छूट दी गई है. देहरादून से आने वाले छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों को निर्धारित समय में माल रोड से आने-जाने की एक बार अनुमति दी जाएगी, लेकिन इसके लिए नगर पालिका से पास लेना अनिवार्य होगा.मीरा सकलानी ने कहा माल रोड पर प्रवेश शुल्क वसूली की वर्तमान व्यवस्था काफी धीमी है. जिससे पर्यटकों को परेशानी होती है. इसे देखते हुए नगर पालिका अब फास्ट ट्रैक व्यवस्था लागू करने जा रही है. उन्होंने बताया जल्द ही बैरियर पर स्कैनर लगाए जाएंगे. जिससे पर्यटक ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे. उन्हें लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा.

उन्होंने कहा प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंच रहे हैं. ऐसे में नगर पालिका का प्रयास है कि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलें. माल रोड की व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे. उन्होंने कर्मचारियों को शुल्क वसूली और वाहनों की जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा केवल आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को प्रतिबंधित समय में प्रवेश की अनुमति होगी. इसके अलावा बुजुर्गों को लाने-ले जाने वाले वाहनों को भी विशेष परिस्थितियों में छूट दी जाएगी. माल रोड की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर पालिका की ओर से 20 कर्मचारियों की विशेष तैनाती की गई है. ये कर्मचारी प्रतिबंधित समय के दौरान लगातार निगरानी करेंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन कर माल रोड पर प्रवेश करने या रोड साइड पार्किंग करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही मसूरी पुलिस से भी सहयोग की अपेक्षा जताई गई है ताकि पर्यटन सीजन में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे.

मीरा सकलानी ने कहा नगर पालिका माल रोड को और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में भी काम कर रही है. इसके तहत माल रोड पर भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाने की योजना पर कार्य शुरू किया जा रहा है. उन्होंने मसूरी की जनता से भी अपील की कि वे शहर की यातायात और पर्यटन व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *