सतपुली में युवक ने पुल से लटककर दी जान, वीडियो में पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के सतपुली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रेतपुर-भिताड़ा पुल के पास एक 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने सतपुली थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक का शव पुल से लटका हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान पंकज कुमार (20), पुत्र स्वर्गीय प्रकाश चंद्र, निवासी ग्राम रेतपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

घटना के बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पंकज कुमार सतपुली थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में वह दावा कर रहा है कि पुलिस ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान था।

वहीं पुलिस का इस मामले में अलग पक्ष सामने आया है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को पंकज की बाइक एक व्यक्ति से टकरा गई थी, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा। पुलिस का कहना है कि युवक नशे की हालत में था, इसलिए उसकी बाइक को सीज कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया था। पुलिस यह भी दावा कर रही है कि पंकज को चोट बाइक से गिरने के कारण आई थी, न कि किसी मारपीट से।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और वीडियो की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनके जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएंगे। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *