बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित एचपीएम इन्फोटेक कंपनी में शुक्रवार को भीषण आग लग गई. अचानक लगी आग से आसपास के इलाके में अफरा तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर धुएं और लपटों से घिर गया. कंपनी में पंखों के पार्ट्स तैयार किए जाते हैं. जहां आग लगने के बाद कर्मचारियो में हड़कंप मच गया.
आग की घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की और सुरक्षा व्यवस्था संभाली. फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने के लिए मोर्चा संभाला. इस समय भयंकर गर्मी पड़ रही है, इसलिए आग की लपटें तेजी से फैलती रही. आग और धुएं के गुबार को को देखते हुए फायर कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. काफी देर तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई दिया. जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. सिडकुल और मायापुर फायर यूनिट की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया. गनीमत रही कि आग बुझाने के लिए फैक्ट्री परिसर में लगा फायर हाइड्रेंट काम कर रहा था, इसलिए फायर कर्मियों को पानी भरने के लिए दूर नहीं जाना पड़ा. काफी देर तक की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है. अधिकारी जांच के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि की बात कह रहे हैं. राहत की बात यह रही कि समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से बड़े जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है.
हरिद्वार सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. आग बुझाने का प्रयास शुरू किये गये. फैक्ट्री में ही पानी उपलब्ध हो गया था, इसलिए तीन गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू कर लिया. प्राथमिक जांच में शर्ट सर्किट के कारण आग लगने की बात सामने आ रही है. फिर भी हादसे की जांच की जा रही है.