नाबालिग को स्कूल से भागा ले गया युवक, जबरन की शादी, विरोध करने पर परिजनों से की मारपीट

उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने, जबरन शादी कराने और उसके परिवार के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

इस मामले में पीड़िता ने कोतवाली रुद्रपुर में शिकायत दर्ज कराई है. प्रार्थना पत्र के अनुसार उनकी 15 साल की नाबालिग अपनी नानी का घर रुद्रपुर में रहती है. नाबालिग 10वीं क्लास की छात्रा है. पिता का कहना है कि बेटी 23 अप्रैल को रोजाना की तरह स्कूल गई थी, लेकिन दोपहर को छुट्टी के बादर घर नहीं लौटी. काफी खोजबीन के बाद परिजनों को पता चला कि एक युवक उनकी बेटी को स्कूल से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया.

आरोप है कि उसी रात को मुख्य आरोपी के परिजनों जिनमें मां, दादी, बुआ और चाची शामिल है, उन्होंने अपने बेटे से नाबालिग पीड़िता की मांग भरवा दी और उसे अपने घर ले गए. यह पूरा मामला जबरन विवाह कराने की श्रेणी में आती है, जो कानूनन गंभीर अपराध है.

जब पीड़िता के पिता ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पहले पुलिस को बुलाया जाए, तभी लड़की को घर में रखा जाएगा, तो आरोपियों ने एकजुट होकर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान पीड़िता की मामी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं.

पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह मामला न केवल अपहरण और जबरन विवाह का है, बल्कि इसमें महिलाओं के साथ हिंसा और उत्पीड़न भी शामिल है. उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

कोतवाली रुद्रपुर के प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा. वहीं, इस घटना से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *