प्रेमनगर: संपत्ति विवाद पर दो पक्षों के बीच पथराव, वीडियो आया सामने, पुलिस ने 14 लोगों को किया अरेस्ट

प्रेमनगर क्षेत्र के अंतर्गत 16 अप्रैल को लक्ष्मीपुर गांव में 2 पक्षों के बीच हुए संपत्ति विवाद के संबंध में थाना प्रेमनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 14 लोगों को गिरफ्तार किया है. दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सीसीटीवी कैमरों में साफ देखा जा रहा है कि एक पक्ष उग्र होकर पथराव कर रहा है.

जानकारी के मुताबिक, 16 अप्रैल को थाना प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली कि लक्ष्मीपुर आरटीओ के सामने दो पक्षों के बीच एक भूमि के मालिकाना हक को लेकर विवाद हो रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रेमनगर पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जहां पर दोनों पक्ष एक दूसरे के साथ मारपीट पर उतारू थे. दोनों पक्षों को काफी समझाने के बाद भी वह नहीं माने और, और अधिक उग्र होकर एक दूसरे को मरने-मारने पर उतारू हो गए.

मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 14 व्यक्तियों को अंतर्गत धारा 170 बीएनएस में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया.

वहीं पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके परिवार के सदस्य को लेकर जाने के बावजूद भी कुछ युवक घर पर पथराव करते रहे.

थाना प्रेमनगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि, जिस संपत्ति पर विवाद हुआ है, वह गोल्डन फॉरेस्ट की जमीन है और इस जमीन की रजिस्ट्री दोनों पक्षों के नाम है. एक पक्ष के लोगों ने यह संपत्ति दिल्ली के लोगों को बेच दी थी और 16 अप्रैल को संपत्ति के लिए कब्जा करने के लिए आए थे. साथ ही इस संपत्ति का नगर निगम में दाखिल खारिज नहीं हो रखा है. जल्द ही पुलिस द्वारा रिपोर्ट न्यायालय में पेश किया जाएगा, जिससे दोनों पक्षों के संपत्ति पर मालिकाना हक खत्म हो सके.

सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि, पुलिस ने खुद वादी बनकर दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा धारा 115(2) 191 (2)351 (2) 352 बीएनएस बनाम सीमा चौहान दर्ज कर लिया है. वर्तमान में मुकदमे में जांच चल रही है. फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है. विवादित भूमि के संबंध में 164 बीएनएएस के तहत रिपोर्ट अलग से पेश की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *