उत्तराखंड के हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम स्थित फ्लाईओवर पर दिल्ली से हरिद्वार आ रहे तीर्थयात्रियों की कार सड़क हादसे का शिकार हो गई. हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक यात्री की हालत नाजुक बताई जा रही है. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई. मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस और सीपीयू पुलिस ने घायलों को तत्काल मेला अस्पताल में भर्ती कराया. मेला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ, जब कार के आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए. इससे पीछे आ रही यात्रियों की कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी लोग घायल हो गए. बताया जा रहा है कि हाईवे पर एक खराब टैंकर भी खड़ा था, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया. कार चला रहे चालक राजबहादुर ने अचानक ब्रेक लगा दिए. ब्रेक लगने की वजह से उसने नियंत्रण खो दिया, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ.
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को निकालकर तत्काल मेला अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे में घायलों की मदद के लिए प्रभारी निरीक्षक संदीप नेगी सबसे पहले मौके पर पहुंचे. सीपीयू के प्रवेश खत्री, एसआई रमेश कुमार, राजेंद्र भंडारी, चंद्रदीप और शेर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम भी मौके पर पहुंची. फ्लाईओवर पर खराब हालत में खड़ा एक तेल का टैंकर भी हादसे की बड़ी वजह बना, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और दुर्घटना की स्थिति बनी.
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, घायलों में नीलम (39), जयप्रकाश (55), किशोर (47), विनोद कुमार (40), सर्वेश देवी (55), सत्य प्रकाश (60) और चालक राजबहादुर (58) शामिल हैं. सभी घायल दिल्ली के तुगलकाबाद क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. प्राथमिक उपचार के बाद महिला सर्वेश देवी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि सभी यात्री हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने के लिए आ रहे थे.
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा अचानक ब्रेक लगने और फ्लाईओवर पर खड़े खराब टैंकर के कारण हुआ है. मामले की जांच की जा रही है.