उत्तराखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर अक्सर सवाल खड़े होते रहे हैं. जिसमें मुख्य रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है. ऐसा ही कुछ मामला पौड़ी जिला अस्पताल में सामने आया है. जहां पर लगाए गए सिटी स्कैन मशीन का बेहतर ढंग से रख रखाव न होने के चलते लंबे समय से खराब पड़ी हुई है. जिसको देखते हुए शासन ने सीटी स्कैन मशीन के रख रखाव में गंभीर लापरवाही पाए जाने के मामले में तत्कालीन सीएमओ और प्रमुख अधीक्षक को निलंबित कर दिया है.
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पौड़ी जिला चिकित्सालय में साल 2022 से इस सीटी स्कैन मशीन को बिना किसी सुरक्षा प्रबंध के खुले में रखा गया, जिसके कारण ये मशीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. जबकि, इस मशीन को मरीजों की गंभीर बीमारियों से राहत देने के मकसद से करोड़ों रुपए की लागत से स्थापित की गई थी. इस मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से अपने दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता एवं सरकारी संपत्ति के संरक्षण में असफलता सामने आई है.
बता दें कि पिछले महीने धामी मंत्रिमंडल का विस्तार होने के बाद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके बाद से ही स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल आए दिन अस्पतालों का निरीक्षण कर रहे हैं. इसी कड़ी में बीते दिन उन्होंने टिहरी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था. इस दौरान जिला अस्पताल में मरीजों के लिए बने टॉयलेट में साफ सफाई की व्यवस्था न होने के चलते मंत्री उनियाल ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टर्स को कड़ी फटकार भी लगाई थी