तीर्थनगरी ऋषिकेश में एक महिला की तहरीर पर पुलिस ने तीन रसूखदार प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि, पिता-पुत्र फरार हैं.
पीड़िता की ओर से पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, शोषण का यह सिलसिला साल 2021 से चल रहा था. महिला का आरोप है कि उसके पति के व्यापारिक साझेदार मनजीत जौहर, उसके बेटे मानव जौहर और उनके पार्टनर कुशाग्र शर्मा (रोमी) ने उसकी मजबूरी एवं पारिवारिक स्थिति का फायदा उठाकर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया.
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पति इन आरोपियों को अपना ‘भगवान’ की तरह मानते थे और घर चलाने का जरिया बताते थे. आरोप है कि जनवरी 2022 में मनजीत जौहर ने घर में घुसकर पहली बार पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया. सास को बताने पर भी कोई मदद नहीं मिली. आरोप है कि इसके बाद फरवरी 2023 में पति खुद पीड़िता को एक पेंट हाउस में ले गया.
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी कहते थे कि उसके परिवार को ऐसी जगह ठिकाने लगा देंगे कि कोई ढूंढ नहीं पाएगा. आखिरकार मानसिक रूप से टूट चुकी पीड़िता ने अपनी बहन को आपबीती सुनाई, जिसके बाद हिम्मत जुटाकर वो पुलिस के पास पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ़ दुष्कर्म, गलत तरीके से बंधक बनाने और धमकाने के मामले में केस दर्ज किया है.
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही आरोपी कुशाग्र शर्मा (रोमी) को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य फरार आरोपियों में मनजीत जौहर और मानव जौहर की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.