राजधानी देहरादून में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने बुधवार देर रात शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऑपरेशन प्रहार के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 149 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया और करीब 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 67 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, शराब के नशे में वाहन चलाने, हुड़दंग करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कई जगहों पर बैरियर लगाकर वाहनों और लोगों की सघन जांच की गई।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में शहर भर में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 70 लोगों को मौके पर ही हिरासत में लिया गया और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। इस दौरान 143 वाहन चालकों से करीब 86 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि 157 वाहनों के चालान किए गए। गंभीर नियम उल्लंघन के मामलों में 67 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस ने किरायेदार और कर्मचारियों के सत्यापन को लेकर भी जांच अभियान चलाया। बिना सत्यापन किरायेदार रखने और प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों को काम पर रखने वाले मकान मालिकों और प्रतिष्ठान संचालकों पर करीब तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके साथ ही पुलिस टीमों ने शहर के कई पीजी और हॉस्टलों में भी आकस्मिक चेकिंग की। एसएसपी ने हॉस्टलों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को चेतावनी देते हुए कहा कि पढ़ाई की आड़ में किसी भी प्रकार का हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।