उत्तराखंड में आज से महंगी हुई शराब, हर बोतल पर देने पड़ेंगे इतने रुपये बढ़े हुए दाम

उत्तराखंड में शराब पीने वालों के लिए एक जरूरी अपडेट आया है। राज्य में आज यानी 1 अप्रैल से शराब की कीमतें बढ़ गई हैं। आबकारी विभाग ने हर बोतल पर ₹5 से ₹20 तक की कीमत बढ़ा दी है। यह बढ़ोतरी ज्यादा बड़ी नहीं है, लेकिन अब शराब खरीदने वालों को पहले से थोड़ा ज्यादा पैसा देना पड़ेगा।

दरअसल, राज्य में 3 साल की आबकारी नीति बनाई गई है, जिसके तहत हर साल कीमतों में थोड़ी-बहुत बढ़ोतरी तय की गई है। अब नई नीति साल 2028 में बनाई जाएगी। पिछले साल राज्य में शराब की बिक्री भी बढ़ी थी। लगभग 5.25% से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई थी। खासकर त्योहारों जैसे- होली और दिवाली पर शराब की खूब बिक्री होती है।

जानकारी के मुताबिक, पिछले साल 2025 में क्रिसमस की पूर्व संध्या यानी 24 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच राज्य में 225 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मदिरा की बिक्री दर्ज की गई। इस अवधि में कुल 1,53,782 कार्टन मदिरा बिकी।

उत्तराखंड में कई विभाग ऐसे हैं, जिनका राजस्व राज्य की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में योगदान करता है, उसमें एक आबकारी विभाग है, जिससे करोड़ों रुपये राजस्व के रूप में प्राप्त होते हैं। राज्य में लगभग 700 शराब की दुकानें हैं। इस साल सरकार ने आबकारी से ₹5000 करोड़ से ज्यादा राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा है।

सरकार की नई नीति से दुकानदारों को भी फायदा हुआ है, क्योंकि अब 3 साल के लिए लाइसेंस मिलने से वे अपना कारोबार बेहतर तरीके से प्लान कर पा रहे हैं और बार-बार की कागजी प्रक्रिया से राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *