उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर के जगतपुरा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब मां के अंतिम संस्कार से लौटे तीन सगे भाइयों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया. गुस्से में भाइयों ने घर में रखे तवे और बेलन को ही हथियार बना लिया. मारपीट में एक भाई का सिर फूट गया. जबकि, एक महिला भी घायल हो गई. उधर, मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया.
दरअसल, रुद्रपुर शहर के जगतपुरा वार्ड नंबर 5 में पारिवारिक विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब तीन सगे भाइयों के बीच कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. बताया जा रहा है कि तीनों भाइयों की मां का उसी दिन अंतिम संस्कार किया गया था. श्मशान घाट से लौटने के बाद घर में किसी बात को लेकर आपसी विवाद शुरू हो गया.
परिवार के भीतर शुरू हुई बहस धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर भाइयों ने एक-दूसरे पर हमला करना शुरू कर दिया. घर में मौजूद तवा और बेलन को ही हथियार बनाकर एक-दूसरे पर वार किए गए. इस दौरान एक भाई ने दूसरे भाई के सिर पर तवे से वार कर दिया, जिससे उसका सिर फूट गया और वो गंभीर रूप से घायल हो गया.
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान एक भाई का सिर फूट गया. जबकि, पुलिस ने मौके से एक आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया. वहीं, दूसरा आरोपी भाई पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया. वहीं, घटना के बाद से पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग पारिवारिक विवाद के इस हिंसक रूप को लेकर हैरानी जता रहे हैं.