मजदूरी कर लौट रहे ग्रामीण को बनाया शिकार, गुस्साए लोगों ने वन विभाग टीम को कमरे में किया बंद

पौड़ी जिले में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को एक बार फिर गुलदार ने एक ग्रामीण को अपना शिकार बना लिया, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को एक कमरे में बंद कर दिया और विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।

बता दें, जानकारी के अनुसार ग्राम चिवालु निवासी प्रकाश सिंह (45 वर्ष) देर शाम बामवाड़ा गांव से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि प्रकाश सिंह को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गुलदार उन्हें अपना शिकार बनाकर जंगल की ओर ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है और पहले भी कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी नाराजगी के चलते जब मंगलवार सुबह वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए टीम को एक कमरे में बंद कर दिया।

ग्रामीणों ने मांग की है कि आदमखोर गुलदार को जल्द से जल्द मार गिराया जाए ताकि इलाके के लोगों को भय के माहौल से राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक गुलदार को पकड़ा या मारा नहीं जाता, तब तक गांव के लोग सुरक्षित नहीं हैं और रोजमर्रा के कामकाज के लिए बाहर निकलना भी खतरे से खाली नहीं है।

इस बीच प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि स्थिति को शांत किया जा सके।

वहीं इस मामले में डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि विभाग को गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर पकड़ने की अनुमति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर गांव और आसपास के इलाकों में पिंजरे लगाए जा रहे हैं और ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं ताकि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा विभागीय शूटरों को भी मौके पर तैनात कर दिया गया है।

फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और वन विभाग की टीम गुलदार को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही है। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी और अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *