उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से बड़ी खबर सामने आई है. किच्छा कोतवाली क्षेत्र में हल्द्वानी टैम्पो स्टैंड के पास स्थित हनुमान मंदिर के बाहर मुर्गे का कटा हुआ सिर मिला है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप सा मच गया था. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आंक्रोशित लोगों को शांत किया. साथ ही मामले की जांच भी की. मामले की जांच करने पर सच्चाई कुछ और निकली, जिसके बाद मामला अपने आप शांत हो गया.
दरअसल, किच्छा कोतवाली क्षेत्र में हल्द्वानी टैम्पो स्टैंड के पास हनुमान मंदिर है. मंदिर के बाहर जब सुबह लोगों ने मुर्गे का कटा हुआ सिर देखा तो पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया. देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए.
लोगों ने इस घटना को गंभीर बताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी और प्रशासन से तत्काल जांच की मांग की. स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की.
क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र धौनी और किच्छा कोतवाल प्रकाश दानू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. जांच के दौरान जो तथ्य सामने आया, उसने पूरे मामले की तस्वीर साफ कर दी.
फुटेज में देखा गया कि किसी व्यक्ति द्वारा मंदिर के बाहर मुर्गे का सिर नहीं रखा गया था, बल्कि एक कुत्ता अपने मुंह में मांस का टुकड़ा लिए घूम रहा था और उल्टी के दौरान वही टुकड़ा मंदिर के बाहर गिर गया. सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी धोनी ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को सीसीटीवी फुटेज दिखाया, जिसके बाद स्थिति स्पष्ट हो गई और मामला शांत हो गया.
प्रशासन ने लोगों से अपील की कि किसी भी घटना पर बिना पुष्टि के अफवाह न फैलाएं और शांति बनाए रखें. इस पूरे घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया कि सतर्कता और त्वरित जांच से संभावित तनाव को समय रहते रोका जा सकता है.