कनखल थाना पुलिस ने महिलाओं को देखकर अश्लील हरकतें करने वाले आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की. आरोपी पिछले कई दिनों ने सुबह शाम सैर पर निकली महिलाओं और युवतियों को देखकर अश्लील हरकतें कर रहा था. गिरफ्तार आरोपी का नाम प्रभाकर मिश्रा है, जो गंगनहर कोतवाली के मकतूलपुरी गांव का निवासी है. आरोपी के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
स्थानीय महिलाओं ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि कांवड़ पटरी पर सैर करने के दौरान एक युवक उन्हें परेशान कर रहा है. उन्हें देखकर अश्लील इशारे करता है. खासकर सिंहद्वार के पास नहर किनारे इवनिंग वॉक के दौरान एक युवक बार-बार दिखाई देता है और महिलाओं को देखकर अश्लील और अभद्र इशारे करता है. उसकी हरकतों से महिलाएं असहज और भयभीत महसूस कर रही हैं. पिछले कुछ दिनों से उसकी गतिविधियां लगातार बढ़ रही है.
महिलाओं की शिकायत के आधार पर आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई. इस दौरान बीते रविवार देर शाम आरोपी फिर से कांवड़ पटरी पर आ धमका और आती जाती महिलाओं को देखकर अभद्र और अश्लील हरकतें करने लगा. कुछ महिलाओं ने हिम्मत दिखाई और फिर से गंदी हरकत कर रहे आरोपी की अपने मोबाइल से वीडियो बनाई और पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत की. सूचना मिलते ही कनखल थाने की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे धर दबोचा.
पूछताछ में आरोपी की पहचान निवासी मकतूलपुरी, थाना गंगनहर के रूप में हुई. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हर रविवार को कनखल आता और सुनसान स्थानों पर महिलाओं को देखकर इसी तरह की हरकतें करता था.
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पिछले कई दिनों से महिलाओं को परेशान कर रहा था. वो मकतूलपूरी से हर रविवार को हरिद्वार आता था. खासकर कांवड़ पटरी पर टहलने वाली महिलाओं और युवतियों को देखकर अभद्र इशारें करता था. पूर्व में भी आरोपी इस तरह की हरकतें कर चुका है. कुछ युवतियों ने हिम्मत जुटाकर उसकी पूर्व में भी वीडियो बनाई थी और पुलिस से शिकायत की थी. अभद्र इशारें करते हुए इसका ऐसा ही वीडियो एक महीना पूर्व में भी वायरल हुआ था.