उत्तराखंड: मुखानी थाना क्षेत्र के फतेहपुर रेंज स्थित लामाचौड़ में जंगल किनारे घास काट रही एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया. फिर उसे जंगल में खींच ले गया. घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन समेत वन विभाग की टीम ने कॉम्बिंग कर करीब तीन घंटे बाद महिला का शव घटनास्थल से तीन किलोमीटर की दूरी पर जंगल से बरामद किया. वहीं, महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
रामनगर वन प्रभाग के फतेहपुर रेंज के जंगल में घास लेने गई महिला गंगा देवी पर बाघ ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया. हालांकि, इस दौरान महिला के साथ घास लेने गई उसकी बहू और अन्य महिला ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन बाघ महिला को घसीट कर अपने साथ तीन किलोमीटर दूर जंगल ले गया.
उधर, सूचना पर पुलिस प्रशासन, वन विभाग समेत स्थानीय लोगों ने जंगल में महिला को तलाश करने के लिए कॉम्बिंग अभियान चलाया. करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम को महिला का क्षत विक्षत शव घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर बीच जंगल में मिला.
बाघ का निवाला बनी महिला का नाम गंगा देवी था, जो अपनी बहू और एक अन्य महिला के साथ घास लेने के लिए जंगल किनारे गई हुई थी. घास काटने जंगल गई तीन महिलाओं में से एक महिला गंगा देवी पर बाघ ने हमला कर घायल कर दिया था.
जब बाघ ने गंगा देवी पर हमला किया तो बहू पुष्पा और एक अन्य महिला हेमा ने साहस दिखाया. हमले के बाद शोर मचाने के बाद बाघ कुछ पीछे हट गया था. जिसके बाद उन्होंने गंगा देवी को खींच कर कुछ नीचे भी लाए.
इस दौरान गंगा देवी ने दम तोड़ दिया. जिसके बाद वो उसे पत्तों से ढक कर नीचे गांव वालों को सूचना देने के लिए गए तो इस दौरान बाघ उसे घसीट कर जंगल की ओर ले गया. इस घटना के बाद दोनों लोग सदम में हैं. दोनों काफी घबराए हुए हैं.