प्रेमनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मांडूवाला रोड पर स्थित एक कैफे में रात के समय महिला संचालक के साथ छेड़छाड़, गाली गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है. मामले में चार नामजद समेत 8 से 10 अज्ञात युवकों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है.
कैफे संचालक महिला ने पुलिस ने शिकायत देकर आरोप लगाया कि उधार में सिगरेट-तंबाकू देने से इनकार करने पर शराब के नशे में युवकों ने उसके कपड़े फाड़ डाले. बल्कि, बीच बचाव करने आए ग्राहकों पर भी जानलेवा हमला किया.
जानकारी के मुताबिक, कैफे संचालक महिला ने प्रेमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि मांडूवाला रोड पर वो कैफे का संचालन करती हैं. बीती 28 जनवरी की रात करीब 11 बजे वो अपने कैफे में काम कर रही थी. उसी दौरान पड़ोस के कुछ युवक कार से आए और सिगरेट-तंबाकू उधार मांगने लगे.
आरोप है कि पीड़िता ने जब उधार देने से मना किया तो युवकों ने गाली गलौज शुरू कर दी और उसके कपड़े फाड़ दिए. घटना को देख कैफे के बाहर मौजूद ग्राहकों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान एक युवक ने पीछे से लोहे की रॉड से एक ग्राहक के सिर पर वार किया. जिससे उसे गंभीर चोट आईं और काफी खून बहने लगा.
स्थिति बिगड़ते देख महिला संचालक ने खुद को और ग्राहकों को कैफे के अंदर बंद कर लिया. साथ ही डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मामले की सूचना दी. आरोप है कि आरोपियों ने जाते समय जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि पुलिस में शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा.
इसके अलावा पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक आए दिन शराब पीकर उधार मांगते हैं. मना करने पर गाली गलौज करते हैं, साथ ही धमकियां भी देते हैं. जिससे उसे अपनी जान माल का खतरा बना हुआ है. जिस पर 10 फरवरी को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.