बच्चों के खेल के विवाद ने लिया हिंसक रूप, परिजनों की लाठी-डंडे से मारपीट में आठ घायल

हरिद्वार के पिरान कलियर क्षेत्र के बेड़पुर गांव में बच्चों के खेलने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद बड़े विवाद में बदल गया। देखते ही देखते बच्चों के परिजन विवाद में कूद गए और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने शुरू हो गए। जिसमें आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार हरिद्वार में बेड़पुर गांव रविवार को बच्चों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, और देखते ही देखते दोनों पक्षों के परिजन भी इसमें शामिल हो गए। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में लगभग आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा। घायलों में अकरम उर्फ भोटटू, अहसान, रबीन और नफीस की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य चार घायल स्थानीय अस्पताल में भर्ती हैं।

मामले को लेकर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटना स्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। गांव में फिलहाल तनाव कम है, लेकिन पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *