घर में ही सुरक्षित नहीं बेटियां, 12 साल की उम्र से पिता कर रहा यौन शोषण

उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में एक युवती ने अपने ही पिता पर लंबे समय से शारीरिक शोषण करने और विरोध करने पर हथियार दिखाकर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़िता अपनी मां के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और आरोपी पिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. पुलिस अधिकारियों ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

पूरा मामला रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र का है. पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके पिता पिछले कई वर्षों से उसका शारीरिक शोषण करते आ रहे हैं. जब भी वो पिता की इस हरकत का विरोध करती है, तो आरोपी पिता हथियार दिखाकर उसे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी देता है.

पीड़िता के अनुसार डर और सामाजिक लोक-लाज के चलते वह लंबे समय तक मामले को लेकर चुप रही. उसने पुलिस को बताया कि कथित तौर पर उसके साथ यह अपराध उस समय से किया जा रहा था, जब वह करीब 12 वर्ष की थी. पीड़िता का कहना है कि इस दौरान आरोपी पिता की ओर से उसे लगातार धमकाया जाता रहा, जिसके कारण वह किसी को मामले की जानकारी नहीं दे सकी.

तहरीर के मुताबिक 25 जून की देर रात कथित तौर पर हुई घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपनी मां को मामले की जानकारी दी. इसके बाद वह अपनी मां के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई. पीड़िता ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली में मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही अपने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *