श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित चंडीघाट बस्ती में काम करने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में एक बेटे ने अपने पिता के सिर पर डंडे से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल पिता को हायर सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, 60 वर्षीय प्यारेलाल राजमिस्त्री का काम करते थे. बीते शुक्रवार रात किसी बात को लेकर उनका अपने बेटे प्रकाश से विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि पिता ने बेटे से काम करने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर प्रकाश ने डंडे से प्यारेलाल के सिर पर हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
परिजन घायल प्यारेलाल को उपचार के लिए अस्पताल ले गए. हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया. वहां उपचार के दौरान प्यारेलाल की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने फील्ड यूनिट की टीम को भी मौके पर बुलाया. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गये.
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, आरोपी बेटे प्रकाश के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार चल रहा है. वहीं पुलिस पारिवारिक विवाद के पीछे के कारणों के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया शुक्रवार रात पिता पुत्र के बीच विवाद हुआ था. विवाद के दौरान बेटे ने डंडे से पिता के सिर पर हमला किया था. घायल प्यारेलाल को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. मृतक के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है. मामले में आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.