मंगलवार को रामनगर में छात्रों के दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. ग्राम जस्सागांजा में दिनदहाड़े हुए इस हमले में चाकू, लोहे के कड़े, लाठी और डंडों का इस्तेमाल किया गया. जिसमें दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
मंगलवार दोपहर रामनगर के ग्राम जस्सागांजा क्षेत्र में उस समय अफरातफरी मच गई, जब छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते दर्जनों युवक मौके पर पहुंच गए. दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि हमलावरों के हाथों में चाकू, लोहे के कड़े, लाठी और डंडे थे. जिनसे उन्होंने दो छात्रों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
घटना में घायल छात्र नीरज कुमार और राहुल ने बताया करीब 50 से 60 युवक उनके घर के पास पहुंचे. उन्होंने बिना किसी ठोस वजह के गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. उनका आरोप है कि हमलावरों ने लोहे के कड़ों से नीरज के सिर पर कई वार किए. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं राहुल के हाथ पर चाकू से कई वार किए गए. जिससे वह लहूलुहान हो गया. बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है.
घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
मामले में रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया घटना गंभीर है. पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया घायलों द्वारा बताए गए आरोपियों की पहचान कर ली गई है. उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं.