हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बा क्षेत्र में एक युवती ने अपनी जीवनलीला खत्म के इरादे से गंगनहर में छलांग लगा दी. शोर शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत गंगनहर में कूदकर युवती को डूबने से बचाया. इसके बाद युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है.
जानकारी के मुताबिक, मंगलौर कस्बा क्षेत्र में स्तिथ पुराने गंगनहर पुल पर एक युवती अकेली खड़ी हुई थी, जिसके बाद युवती पुल की रेलिंग पर चढ़ गई और वह काफी देर तक रेलिंग पर खड़ी रही. युवती को पुल की रेलिंग पर खड़ा हुआ देख संदेह होने पर कुछ लोग युवती की तरफ दौड़ पड़े, लेकिन इसी बीच युवती ने अचानक से गंगनहर में छलांग लगा दी.
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने शोर की आवाज सुनकर युवती को बचाने के लिए तत्काल गंगनहर में छलांग दी. समय रहते स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर युवती की जान बचाई. युवती को गंगनहर से बाहर निकाला गया. इसके बाद युवती को उपचार के लिए स्थानीय लोगों ने बदहवास हालत में कस्बा क्षेत्र के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उसकी हालत अब ठीक बताई जा रही है.
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवती से पूछताछ की गई. एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दिमागी संतुलन तनाव के कारण ऐसा कदम उठाने की बात सामने आई है. पुलिस ने युवती के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और मामले की जांच में जुट गई है. बताया गया है कि युवती मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसवा खेड़ी गांव की निवासी है.