पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश अब अपना असर दिखाने लगी है. रविवार को मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग पर गलोगी पावर हाउस और मैगी प्वाइंट के पास भूस्खलन हो गया. जिससे सड़क पर पत्थर और मलबा आ गया. इसकी वजह से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया. हालांकि, समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया और मार्ग को जल्द ही यातायात के लिए खोल दिया गया.
भूस्खलन की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बारिश के बीच पहाड़ी से लगातार छोटे-बड़े पत्थर गिरने के कारण यात्रियों को कुछ समय तक सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा. पर्यटन सीजन के बीच इस मार्ग पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, ऐसे में सड़क पर अचानक मलबा आने से लोगों की चिंता बढ़ गई.
वहीं, मलबा और पत्थर गिरने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और सड़क पर आए पत्थरों व मलबे को हटाने का अभियान शुरू किया. विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही समय में मार्ग को साफ कर यातायात सामान्य कर दिया गया.
लोक निर्माण विभाग अधिकारियों ने बताया कि मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में पहले से ही जेसीबी मशीनें और कर्मचारी तैनात किए गए हैं. किसी भी स्थान पर भूस्खलन की सूचना मिलने पर तत्काल राहत एवं सफाई कार्य शुरू कर दिया जाता है. ताकि, यातायात ज्यादा समय तक प्रभावित न हो.