मदरसों से अचानक गायब हुए 12 हजार बच्चे, जांच के लिए 4 सदस्य कमेटी गठित

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में संचालित हो रहे मदरसों में बड़ा झोल सामने आया है. मदरसों में बच्चों की संख्या बढ़ी हुई दिखाकर सरकारी योजनाओं को लाभ दिया जा रहा है. हालांकि जब शासन-प्रशासन की तरफ से मामले की जांच की गई तो अचानक से मदरसों में पढ़ने वाले करीब 12 हजार बच्चे गायब हो गए.

इतनी बड़ी संख्या में छात्रों की गिरावट के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. अब 31 हजार में से 19000 बच्चे मदरसों में पढ़ रहे हैं. छात्रों की संख्या में आई गिरावट के बाद डीएम ने जांच के लिए एसडीएम की अध्यक्षता 4 सदस्यों की कमेटी बना दी है. कमेटी में एसडीएम के अलावा जिला शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को शामिल किया है.

दरअसल हाल ही में डीएम के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने लक्सर तहसील क्षेत्र में मदरसों की जांच की थी. जनपद में संचालित 131 मदरसों में से 23 मदरसों में अनियमितता पाए जाने पर उनके मिड डे मील और अन्य फंड पर रोक लगा दी गई थी.

जांच के लपेटे में आने पर पूर्व में 10 मदरसा संचालकों ने अपने मदरसे बंद करने का आवेदन भी शिक्षा विभाग में दिया. क्योंकि इन मदरसों में छात्रों की संख्या बेहद कम थी और मिड डे मील का पूरा भुगतान लिया जा रहा था. अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही इन सभी मदरसों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है. साथ ही आशंका है कि अचानक घटे 12 हज़ार छात्र इन्हीं मदरसों में से भी हो सकते हैं.

जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक अमित कुमार चंद का कहना है कि सत्र बदलने पर हर साल छात्रों की संख्या में गिरावट देखी जाती है, जो जुलाई महीने में जाकर सामान्य होती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *