यमुनोत्री धाम पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, तीर्थ पुरोहितों ने किया स्वागत

भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार उत्तराखंड दौरे पर हैं. उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद भ्रमण के दूसरे दिन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम पहुंचे. यहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मां यमुना के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. मुख्य चुनाव आयुक्त के धाम पहुंचने पर प्रशासनिक अधिकारियों, तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त खरसाली हेलीपैड पहुंचे. जहां से वे यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुए. धाम पहुंचकर उन्होंने मां यमुना के चरणों में पुष्प अर्पित किए. उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने, नागरिकों के कल्याण तथा राष्ट्र की निरंतर उन्नति और विकास के लिए प्रार्थना की.

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पूजा-अर्चना के बाद यमुनोत्री धाम परिसर का विस्तृत अवलोकन किया. साथ ही चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई सुविधाओं, सुरक्षा इंतजामों और यात्रा संचालन को लेकर अधिकारियों से चर्चा की. इस अवसर पर उन्होंने यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की.

चारधाम यात्रा के दौरान देश के शीर्ष संवैधानिक पदों पर आसीन अधिकारियों का देवभूमि पहुंचना उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को दर्शाता है. मुख्य चुनाव आयुक्त के यमुनोत्री धाम आगमन को लेकर स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला.

इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, मुकेश चंद रमोला, मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल, प्रदीप उनियाल, सुशील उनियाल, पुरुषोत्तम उनियाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, तीर्थ पुरोहित एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.

चारधाम यात्रा पिछले महीने 19 अप्रैल को शुरू हुई थी. आज शनिवार 23 मई तक यानी 35 दिनों में 20 लाख 76 हजार 553 श्रद्धालु चारधाम दर्शन कर चुके हैं. इनमें केदारनाथ में 8,11,923, बदरीनाथ में 5,56,437, गंगोत्री में 3,52,162 और यमुनोत्री धाम में 3,56,031 तीर्थयात्री पहुंचे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *