मौसम का रंग भी अजीब होता है। कभी धूप, कभी छांव तो कभी दिन में ही रात। देहरादून में मौसम ने कुछ ऐसा ही रंग दिखाया है। रविवार को दिन शुरू होते ही काले बादलों ने पूरे शहर को ढक लिया। इससे दिन के शुरुआती घंटों में ही रात जैसा माहौल बन गया। इस बीच मौसम विभाग ने रविवार को उत्तराखंड के आठ जिलों में बर्फबारी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
देहरादून में शनिवार को दिनभर धूप खिली रही और बादलों की लुकाछिपी रही। देर शाम को झमाझम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं से मौसम ठंडा हो गया। शाम को करीब सात बजे शहर के कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। शनिवार को दून में 32.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 16.6 डिग्री रहा।
रविवार को राज्य के आठ जिलों में बारिश और 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, देहरादून, अल्मोड़ा, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश संभव है। शेष जिलों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने का अनुमान है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चार और पांच मई को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, पांच मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन तंत्र सक्रिय रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।