देहरादून जिले के ऋषिकेश के शिवाजी नगर की गली नंबर 16 में घर में अकेली रहने वाली एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच तेज कर दी है. पुलिस ने महिला के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है.
घटना के संबंध में मृतक महिला के पिता बच्चन सिंह रावत द्वारा लिखित तहरीर कोतवाली ऋषिकेश में देते हुए बेटी की हत्या का आरोप सुरेश गुप्ता पर लगाया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 49/26 धारा- 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. घटना में अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए देहरादून एसएसपी अजय सिंह के निर्देशों पर कोतवाली ऋषिकेश पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है. जिसके बाद अभियुक्त के सभी संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही है.
पुलिस की प्रारंभिक जांच व आसपास के लोगों से पूछताछ पर प्रकाश में आया कि मृतक महिला का कुछ वर्ष पूर्व अपने पति से तलाक हो गया था. कोरोना के समय मृतक महिला ससुराल वालों की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने के लिए आई थी, जहां उसकी मुलाकात सुरेश गुप्ता से हुई थी, उसके बाद सुरेश गुप्ता का अक्सर मृतक महिला से मिलना जुलना होता था और उसका महिला के घर पर आना-जाना था. सुरेश गुप्ता व प्रीति के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी जब उसके घर वालों को पता चली तो सुरेश गुप्ता व उसकी पत्नी का अक्सर झगड़ा होता था.
पारिवारिक झगड़े को स्थानीय सम्मानित व्यक्तियों द्वारा भी निपटने का काफी प्रयास किया गया. लेकिन सुरेश गुप्ता व प्रीति के बीच प्रेम प्रसंग के चलते पारिवारिक विवाद बढ़ता गया. विवाद के चलते अभियुक्त सुरेश गुप्ता द्वारा प्रीति के साथ विवाह करने के लिए अपनी पत्नी से लगभग 4 माह पूर्व आपसी सहमति से तलाक ले लिया गया. शादी करने से पूर्व प्रीति एवं उसके परिजनों द्वारा ऋषिकेश में संपत्ति लेने की बात सुरेश गुप्ता से कही गई, जिस कारण अभियुक्त सुरेश गुप्ता द्वारा अपनी लक्सर हरिद्वार स्थित अपनी पैतृक सारी संपत्ति 35 लाख में बेचकर ऋषिकेश मे प्रीति के साथ रहने के लिए मकान ढूंढ़ने लगा.