पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी सरकार की ओर से तैयारियां जोरों पर चल रहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अल्मोड़ा स्थित जागेश्वर धाम पहुंचने को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
पीएम के कार्यक्रम के केंद्र बिंदु के आधार पर मंदिर समिति ने भी अपनी ओर से कार्यक्रम तय कर दिए हैं। मंदिर समिति की मानें तो पीएम जागेश्वर धाम मंदिर परिसर में 10 मिनट तक अलग-अलग मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे।
पांच मिनट की परिक्रमा का भी पीएम का कार्यक्रम है, जबकि सात मिनट तक वह यहां साधना करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 12 अक्तूबर को द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में 22 मिनट तक रहेंगे। सर्वप्रथम 11 पंडित स्वस्ति वाचन कर पीएम का स्वागत करेंगे।
इसके बाद दो मुख्य जागेश्वर मंदिर में छह मिनट की पूजा होगी। दो-दो मिनट की अन्य मंदिरों में पूजा-अर्चना कराई जाएगी। पंडितों के मुताबिक, परिक्रमा के लिए पांच मिनट का समय रखा गया है।
संभवत: पीएम सात मिनट तक साधना कर सकते हैं। हालांकि साधना का समय बढ़ भी सकता है, लेकिन शुरुआती तैयारी के हिसाब से मंदिर परिसर में कुल 22 मिनट का कार्यक्रम बनाया गया है।