देहरादून में गोकशी को लेकर हंगामा, SSP ने थानाध्यक्षों को दिया अल्टीमेटम

पटेलनगर और बसंत विहार क्षेत्र में गोकशी मामले पर एसएसपी अजय सिंह ने सख्ती दिखाई है. एसएसपी अजय सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पटेल नगर और थाना बसंत विहार के थानाध्यक्ष को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. इसके अलावा एसएसपी का साफ कहना है कि किसी भी दशा में पशु तस्कर बख्शे नहीं जाएंगे. वहीं, अब तक गोकशी मामले में उत्तर प्रदेश के गैंगस्टर समेत 5 पशु तस्कर पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए जा चुके हैं.

बता दें कि हरबंस वाला निवासी एक महिला ने बसंत विहार थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी. जिसमें महिला का आरोप था चाय बागान में गोकशी की गई है. इस सूचना के आधार पर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां मौके से कुछ अवशेष भी बरामद हुए. जिसके बाद हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने हंगामा किया था. जिस पर पुलिस ने मामले को किसी तरह शांत किया और आरोपियों के जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था.

वहीं, आज पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शिमला बाईपास चौक पर अटल पार्क में भी गोकशी का मामला सामने आया. इसके बाद विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया. इसी बीच सूचना पाकर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई.

इस दौरान बजरंग दल के पदाधिकारी विकास वर्मा की पुलिस से नोकझोंक भी हुई. मौके पर चक्का जाम की स्थिति भी आई. ऐसे में एसएसपी अजय सिंह से बातचीत की गई. मामले में एसएसपी ने 24 घंटे के भीतर सख्त से सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर हंगामे को शांत कराया. वहीं, गोकशी में शामिल आरोपियों के खिलाफ दून पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *