हरिद्वार में प्रेमिका के संबंध करीबी दोस्त से होने पर बौखलाए युवक ने दो अन्य दोस्तों के साथ मिलकर युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लापता युवक का शव भी बरामद कर लिया। एसपी सिटी पंकज गैरोला ने गुरुवार को बताया कि रामनगर कालोनी रावली महदूद निवासी 24 वर्षीय विनीत बुधवार से लापता था। जांच में पता चला कि विनीत शाम को अपने दोस्तों के साथ गया था।
पुलिस ने उसके दोस्त अंकुश को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरा मामला साफ हो गया। अंकुश ने बताया कि उसकी प्रेमिका ने उसे छोड़कर विनीत से नाता जोड़ लिया था। अंकुश ने दोस्त सचिन और जॉनी उर्फ अनंत के साथ मिलकर शराब पिलाने के बाद गला रेतकर विनीत की हत्या कर दी। मूल रूप से मुजफ्फरनगर निवासी विनीत एक फैक्ट्री में काम करता था।
एसपी सिटी पंकज गैरोला ने युवक की हत्या के मामले में खुलासा करते हुए गुरुवार को बताया कि बुधवार रात को बिजेंद्र पाल निवासी काकड़ा थाना शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर हाल निवासी रामनगर कालोनी रावली महदूद ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका छोटा भाई 24 वर्षीय विनीत शाम से घर नहीं लौटा है। विनीत सब्जी लेने बाजार गया था।
पता चला कि विनीत शाम को अपने दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर निकला था। बताया कि उसके दोस्त अंकुश पुत्र सुशील निवासी बिरालसी थाना चरथावल जिला मुजफ्फरनगर हाल निवासी सुभाष एन्क्लेव आईपी दो को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में अंकुश ने बताया कि उसने कुछ समय पहले विनीत से मोबाइल फोन मांगकर अपनी प्रेमिका से बात की थी। इससे विनीत के पास उसकी प्रेमिका का नंबर आ गया और वह उससे बात करने लगा। इसके बाद प्रेमिका ने अंकुश को छोड़कर विनीत से नाता जोड़ लिया।
अंकुश ने पुलिस को बताया कि इसी गुस्से में विनीत से बदला लेना चाहता था। अंकुश ने अपने दोस्त सचिन पुत्र रामनिवास निवासी सुभाष एन्क्लेव और जॉनी उर्फ अनंत पुत्र जितेंद्र निवासी पुरबालियान थाना मंसूरपुर जिला मुजफ्फरनगर हाल निवासी शिव विहार कॉलोनी आईपी दो हरिद्वार के साथ मिलकर विनीत की हत्या की योजना बनाई।