अनुसूचित जाति आरक्षित विधानसभा उपचुनाव भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास के पक्ष में मुख्यमंत्री प्रदेश अध्यक्ष सांसद और प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। प्रत्याशी के नामांकन के बाद नुमाइशखेत मैदान पर चुनावी सभा आयोजित की गई। प्रत्याशी अपना भाषण पूरा नहीं कर सकीं। वह मंच पर ही भावुक हो गईं तो उन्हें सीएम ने ढांढस बंधाया।
नुमाइशखेत मैदान पर आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चंदन की पार्वती को विजयी बनाएं। स्व. चंदन राम दास को बागेश्वर की हमेशा फिक्र थी। विकास के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। उन्हें आगे बढ़ाना है। कांग्रेस के पास प्रत्याशी नहीं था। आप के नेता को सदस्यता ग्रहण कराई और उसे टिकट दे दिया। आज कांग्रेस के लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।
प्रत्याशी पार्वती दास ने कहा कि वह पति के कार्यों को आगे बढ़ाएंगी। वह मंच पर भावुक हो गईं। मुख्यमंत्री को उठकर उन्हें समझाने आना पड़ा। वह अपना भाषण पूरा भी नहीं कर सकीं। जनता का आभार व्यक्त किया और वोट देने को कहा।
प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि वह बागेश्वर को जानने और समझने के लिए यहां हैं। यहां के लोग अच्छे हैं। वह भाजपा को वोट भी कर रहे हैं। भाजपा विकास का नाम है। बागेश्वर का विकास, सपने और चंदन राम दास के अधूरे काम आगे बढ़ाने के लिए वोट करें।